नई दिल्ली । रेलवे, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव गुरुवार को नई दिल्ली में एनआईईएलआईटी डिजिटल यूनिवर्सिटी (एनडीयू) प्लेटफ़ॉर्म का उद्घाटन करेंगे। यह प्लेटफ़ॉर्म उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल शिक्षा तक लोकतांत्रिक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है।
एनडीयू उभरती प्रौद्योगिकियों जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence), साइबर सुरक्षा, डेटा साइंस, सेमीकंडक्टर और संबद्ध क्षेत्रों में उद्योग-केंद्रित कार्यक्रम पेश करेगा। इसमें लचीले डिजिटल शिक्षण मोड और वर्चुअल लैब्स शामिल होंगे, जो युवाओं को भविष्य के लिए तैयार कौशल प्रदान करेंगे।
वैष्णव मुज़फ़्फ़रपुर (बिहार), बालासोर (ओडिशा), तिरुपति (आंध्र प्रदेश), दमन (दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव) और लुंगलई (मिज़ोरम) में पाँच नए एनआईईएलआईटी केंद्रों का भी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।
इसके अतिरिक्त, उद्योग-अकादमिक सहयोग को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख उद्योग भागीदारों के साथ समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान भी किया जाएगा।


