नई दिल्ली | हस्तशिल्प सहित भारत के वस्त्र और परिधान निर्यात नवंबर 2025 में 2,855.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहे, जो नवंबर 2024 (2,601.5 मिलियन अमेरिकी डॉलर) की तुलना में 9.4% की वृद्धि है। यह जानकारी बुधवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई।
नवंबर 2025 के दौरान कई प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। रेडीमेड गारमेंट्स के निर्यात में 11.3% की वृद्धि हुई, मानव-निर्मित यार्न/फैब्रिक/मेड-अप्स में 15.7%, कपास यार्न/फैब्रिक/मेड-अप्स और हथकरघा उत्पादों में 4.1% तथा हस्तशिल्प के निर्यात में 29.7% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
वर्ष 2025 में जनवरी से नवंबर 2025 के दौरान वस्त्र और परिधान (हस्तशिल्प को छोड़कर) का कुल निर्यात 32,560.0 मिलियन अमेरिकी डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि (32,474.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर) की तुलना में 0.26% अधिक है।
गौरतलब है कि जनवरी–नवंबर 2025 की अवधि के दौरान रेडीमेड गारमेंट्स (आरएमजी) के निर्यात में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 3.6% की वृद्धि हुई। इसी अवधि में जूट उत्पादों के निर्यात में भी 6.1% की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
