धार । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को मध्य प्रदेश के धार में एक कार्यक्रम में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और 8वें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ करेंगे और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के तहत नकद लाभ वितरित करेंगे।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक और 8वां राष्ट्रीय पोषण माह 17 सितंबर से 16 अक्टूबर तक मनाया जाएगा।
स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान महिला-केंद्रित निवारक देखभाल पर केंद्रित है; यह प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं की जाँच, शीघ्र पहचान और जागरूकता को बढ़ावा देगा ।
आठवें राष्ट्रीय पोषण माह में मोटापा कम करने के लिए तेल और चीनी के सेवन में कमी, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा, तथा शिशु एवं छोटे बच्चों के आहार संबंधी आदतों जैसे विषयों पर केंद्रित गतिविधियाँ होंगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय अपने आंगनवाड़ी केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से पोषण माह की गतिविधियों को अभियान के साथ पूर्ण रूप से एकीकृत करना सुनिश्चित करेगा और महिलाओं और किशोरियों को संगठित करेगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय देश भर में स्वास्थ्य शिविरों और स्वास्थ्य सुविधाओं के माध्यम से निवारक, प्रोत्साहन और उपचारात्मक सेवाओं के वितरण का नेतृत्व करेगा।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी छत्तीसगढ़ के रायपुर से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का प्रतिनिधित्व करेंगी।


