नई दिल्ली । ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल को आगे बढ़ाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को घोषणा की कि उन्होंने अपना ईमेल अकाउंट जीमेल से बदलकर जोहो मेल पर स्थानांतरित कर लिया है।
शाह ने यह जानकारी अपने एक्स X हैंडल पर साझा की।
उन्होंने कहा, “सभी को नमस्कार, मैंने अपना ईमेल अकाउंट जोहो मेल पर बदल लिया है। कृपया मेरे नए ईमेल पते को नोट करें। मेरा नया ईमेल पता है — amitshah.bjp@zohomail.in। भविष्य में ईमेल के माध्यम से किसी भी पत्राचार के लिए कृपया इसी पते का उपयोग करें।”
कुछ दिन पहले ही केंद्रीय रेल और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी जोहो पर स्विच किया था और इसे दस्तावेज़, स्प्रेडशीट और प्रेजेंटेशन साझा करने के लिए एक विश्वसनीय प्लेटफॉर्म बताया था।
हाल ही में शिक्षा मंत्रालय ने अपने सभी अधिकारियों को आधिकारिक दस्तावेज़ी कार्यों के लिए जोहो ऑफिस सूट का उपयोग करने का निर्देश दिया है।
जोहो के सॉफ़्टवेयर समाधान चेन्नई के उद्यमी श्रीधर वेम्बू द्वारा विकसित किए गए हैं।


