Saturday, March 14

चेन्नई। तमिलनाडु के करूर जिले में आयोजित तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की रैली एक हादसे में बदल गई। रैली में अचानक मची भगदड़ में 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को शोक में डुबो दिया है।

ये घटना शनिवार को तमिलनाडु के करूर जिले में टीवीके के नेता और अभिनेता विजय के रैली के दौरान हुई थी। इस रैली में भगदड़ मचने से 39 लोगों की मौत हो गई, जिसमें 10 बच्चे और 16 महिलाएं शामिल हैं, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।

यह हादसा शनिवार को उस समय हुआ, जब हजारों समर्थक विजय के संबोधन को सुनने के लिए इकट्ठा थे। कार्यक्रम स्थल पर भीड़ बढ़ती चली गई। इसी दौरान भगदड़ में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भी इस हादसे को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं। राज्य सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी।

उन्होंने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जाएगी। वहीं, घायलों को 1 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।

इस हादसे की विस्तृत जांच के लिए मुख्यमंत्री ने एक न्यायिक जांच आयोग गठित करने का भी आदेश दिया है। इस आयोग का नेतृत्व हाईकोर्ट की सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस अरुणा जगदीशन करेंगी। आयोग को घटना की पूर्ण जांच कर रिपोर्ट सरकार को सौंपने को कहा गया है।

डीजीपी जी वेंकटरमन ने इस हादसे को लेकर कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद हमने तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डेविडसन के नेतृत्व में 3 पुलिस महानिरीक्षकों, 2 पुलिस उपमहानिरीक्षकों और 10 पुलिस अधीक्षकों समेत 2000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया।

उन्होंने बताया कि तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के पिछले कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए उनके अनुरोध पर कार्यक्रम स्थल आवंटित किया गया था। हालांकि उन्हें लगभग 10 हजार लोगों के आने की उम्मीद थी, लेकिन लगभग 27 हजार लोग इकट्ठा हुए। विजय के अभियान के दौरान सुरक्षा के लिए 500 पुलिसकर्मी तैनात थे।

दूसरी तरफ करूर नगर पुलिस ने टीवीके पश्चिम जिला सचिव मथियालगन, महासचिव आनंद और संयुक्त सचिव निर्मल कुमार समेत कई लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 110, 125 बी और 223 के तहत मामला दर्ज किया है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और 110 क्रमशः हत्या के प्रयास और गैर इरादतन हत्या के प्रयास से संबंधित हैं।

इसके अलावा, अभिनेता-राजनेता विजय ने शनिवार को हुई भगदड़ में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पीड़ितों के लिए मुआवजे की घोषणा की।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घोषणा करते हुए बताया कि वह इस दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 20-20 लाख रुपए का मुआवजा देंगे। साथ ही घायलों को भी 2 लाख रुपए देने का ऐलान किया।

अभिनेता विजय ने अपने संदेश में लिखा, “शनिवार को करूर में जो हुआ, उसके बारे में सोचकर, मेरा दिल और दिमाग बहुत व्यथित है। अपनों को खोने के अपार दुख के बीच, मेरे पास उस दर्द को बयां करने के लिए शब्द नहीं हैं, जो मेरे दिल को सहना पड़ रहा है। मेरी आंखें नम हैं और इस बारे में सोचकर मैं और भी दुखी हो रहा हूं।”

उन्होंने आगे लिखा, “आप सभी के चेहरे, जिनसे मैं मिला हूं, मेरे जेहन में बार-बार घूम रहे हैं। जितना अधिक मैं अपने उन प्रियजनों के बारे में सोचता हूं, उतना ही मैं और भी दुखी हो जाता हूं। यह वास्तव में हमारे लिए एक अपूरणीय क्षति है। चाहे कोई भी कितनी सांत्वना दे, अपनों का नुकसान असहनीय है। फिर भी आपके परिवार के एक सदस्य के रूप में मैं उन सभी परिवारों को 20 लाख रुपए और उन घायलों को 2 लाख रुपए प्रदान करना चाहता हूं, जो इलाज करा रहे हैं। बेशक इतने बड़े नुकसान को देखते हुए यह राशि कोई खास मायने नहीं रखती। फिर भी इस समय आपके परिवार का सदस्य होने के नाते, मेरे प्रियजनों, भारी मन से आपके साथ खड़ा रहना मेरा कर्तव्य है।”

पोस्ट के अंत में उन्होंने ईश्वर से घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होकर घर लौट आने की प्रार्थना की है।

Share.

Owner & Editor: Sujeet Kumar

Registered Office:
B-87 A, Gayatri Nagar, Shankar Nagar,
Near Jagannath Mandir,
Raipur, Chhattisgarh – 492004

Contact Details:
📧 Email: rivalsmedia2025@gmail.com
📞 Mobile: +91-9425509753

March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

© 2025 Financial Talk Online. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version