कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में कबड्डी मैच के दौरान दर्शकों के लिए लगाया गया एक टेंट हाई-टेंशन बिजली लाइन से टकरा गया जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य झुलस गए।
पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार रात बडेराजपुर विकास खंड के रवासवाही गांव में कबड्डी मैच के दौरान हुई।
अचानक आए तूफान से 11-kV की बिजली लाइन मैदान में दर्शकों के बैठने के लिए लगाए गए टेंट के लोहे के खंभे से टकरा गई जिससे कई लोगों को करंट लग गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने छह घायलों को विश्रामपुरी के अस्पताल पहुंचाया जहां तीन लोगों की मौत हो गई।
गंभीर हालत वाले दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए एक अन्य मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया।
मृतकों की पहचान कबड्डी खिलाडी सतपाल नेताम, श्यामलाल नेताम और सुनील शोरी के रूप में हुई है। सतपाल मैच देख रहे दर्शकों में शामिल था जबकि श्यामलाल और सुनील पास के गांवों के रहने वाले थे।
इस मामले की जांच जारी है।


