नई दिल्ली । भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ताओं को विभिन्न रियायती पासों के लाभ प्रदान करने और यात्रा को सुगम व किफायती बनाने के लिए टोल प्लाज़ो पर मासिक और वार्षिक पास से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करेगी।
शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि एनएचएआई ने अपने क्षेत्रीय कार्यालयों को सभी शुल्क प्लाज़ा पर इन पासों की विस्तृत जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं।
इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपयोगकर्ताओं को स्थानीय मासिक पास और वार्षिक पास सुविधाओं की उपलब्धता, दरों और प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी हो।
राष्ट्रीय राजमार्ग उपयोगकर्ता रियायती पासों के माध्यम से अधिक सुगम और किफायती यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। स्थानीय मासिक पास उन निजी वाहन स्वामियों के लिए उपलब्ध है जो किसी टोल प्लाज़ा से 20 किलोमीटर की सीमा के भीतर रहते हैं। यह पास दस्तावेज़ सत्यापन (आधार कार्ड, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र और पते के प्रमाण) के बाद जारी किया जाता है।
वार्षिक पास, जो निजी कारों, जीपों और वैनों के लिए है, की कीमत 3,000 रुपये है और यह एक वर्ष या 200 बार पार करने तक मान्य होता है। इसे ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप के माध्यम से खरीदा जा सकता है और यह वाहन के फास्टैग से जुड़कर देशभर के लगभग 1,150 टोल प्लाज़ा पर मान्य होता है।


