आबू धाबी | ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की नीलामी में 25.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा।
इसके साथ ही ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बन गए।
जब बोली 25 करोड़ रुपये के पार पहुंची, तो ग्रीन ने अपने ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथी मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्हें आईपीएल 2024 की नीलामी में केकेआर ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था।
कुल मिलाकर, ग्रीन आईपीएल नीलामी इतिहास के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने। उनसे आगे केवल ऋषभ पंत (आईपीएल 2025 मेगा नीलामी में लखनऊ सुपर जायंट्स को 27 करोड़ रुपये) और पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (आईपीएल 2025 नीलामी में 26.75 करोड़ रुपये) हैं।
ग्रीन 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस पर नीलामी में उतरे, जिसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच जबरदस्त बोली की जंग छिड़ गई। हालांकि, जब कीमत 13 करोड़ रुपये तक पहुंची तो राजस्थान रॉयल्स पीछे हट गई।


