नई दिल्ली । भारत का व्यापार प्रदर्शन वित्तीय वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में 441 अरब डॉलर पर स्थिर रहा, जो वर्ष-दर-वर्ष 2.2% अधिक है, नीति आयोग ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में सोमवार को यह जानकारी दी।
नीति आयोग ने अपने ‘ट्रेड वॉच क्वार्टरली’ का एक संस्करण जारी किया।
खनिज ईंधन और कार्बनिक रसायनों में कमी के कारण माल निर्यात में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जबकि विद्युत उपकरण, औषधि और अनाज जैसे क्षेत्रों में स्वस्थ वृद्धि दर्ज की गई। आयात में मामूली वृद्धि हुई, जिसे परमाणु रिएक्टर, विद्युत उपकरण और अकार्बनिक रसायनों की अधिक मांग ने सहारा दिया।
उत्तरी अमेरिका भारत का सबसे मजबूत निर्यात बाजार बनकर उभरा, जिसमें 25% की वृद्धि हुई और यह भारत के कुल निर्यात का एक-चौथाई हिस्सा बना।
आयात के मामले में, यूएई ने सीईपीए (CEPA) के तहत सोने के प्रवाह से प्रेरित होकर रूस को पीछे छोड़ते हुए भारत का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता स्थान प्राप्त किया, जबकि चीन से आयात इलेक्ट्रॉनिक्स की मजबूत मांग के चलते तेज़ी से बढ़े।
इस संस्करण में भारत के चमड़े और जूता-चप्पल निर्यात का भी आकलन किया गया है, जो 44 लाख लोगों को रोजगार प्रदान करता है और निर्यात में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
भारत प्रसंस्कृत चमड़े और विशेष परिधानों में प्रतिस्पर्धी बना हुआ है, लेकिन 296 अरब डॉलर के वैश्विक बाजार में इसकी कुल हिस्सेदारी केवल 1.8% है।
वैश्विक मांग के तेजी से गैर-चमड़ा और टिकाऊ उत्पादों की ओर शिफ्ट होने के साथ, भारत के सामने चुनौतियां और अवसर दोनों मौजूद हैं।


