नई दिल्ली । रूसी संघ के उप प्रधानमंत्री दिमित्री पत्रुशेव ने शुक्रवार को भारत के साथ कृषि व्यापार संबंधों को और गहरा करने में रूस की रुचि जताई और इस साझेदारी को औपचारिक रूप देने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने की इच्छा व्यक्त की।
उन्होंने यह बात नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाक़ात के दौरान कही।
दोनों नेताओं ने आपसी हित के कई मुद्दों पर चर्चा की, जिसमें विशेष रूप से कृषि क्षेत्र में द्विपक्षीय व्यापार और सहयोग को गहरा करने पर जोर दिया गया।
चौहान ने भारत की कृषि क्षेत्र में प्रमुख प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला, जिनमें खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, किसानों की आय बढ़ाना और सभी के लिए सुरक्षित एवं पौष्टिक भोजन की उपलब्धता को बढ़ावा देना शामिल है।
भारतीय पक्ष ने रूसी संघ में प्रमुख कृषि उत्पादों के लिए बेहतर बाज़ार पहुंच की आवश्यकता पर बल दिया और लंबित मुद्दों के समय पर समाधान को लेकर आशा व्यक्त की।
दोनों पक्षों ने शैक्षणिक आदान-प्रदान और छात्रों के लिए छात्रवृत्ति अवसरों को गहरा करने तथा कृषि में नवाचार को बढ़ावा देने और प्रौद्योगिकी-आधारित समाधानों को आगे बढ़ाने के लिए संयुक्त पहल की संभावनाओं की खोज करने पर भी सहमति जताई।


