नई दिल्ली। पिछले सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली जिसके कारण दोनों महंगे धातुओं के दाम ऑल-टाइम हाई के करीब बनी हुई है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अनुसार, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 1,09,707 रुपए है जबकि एक हफ्ते पहले इसकी कीमत 1,06,338 रुपए थी। सोने के दाम में 3,369 रुपए की बढ़त हुई है।
जबकि 22 कैरेट सोने का दाम बढ़कर 1,00,492 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है जो कि पिछले हफ्ते 97,406 रुपए था। वहीं, 18 कैरेट सोने की कीमत 79,754 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 82,280 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
इस दौरान, चांदी का भाव 1,28,008 रुपए प्रति किलो हुआ है जो कि पहले 1,23,170 रुपए प्रति किलो था।
सोने और चांदी के दाम हुई बढ़ोतरी का कारण वैश्विक अस्थिरता को माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कई देशों पर टैरिफ लगाए जाने के चलते ग्लोबल स्तर पर अनिश्चितता में इजाफा हुआ है।
एलकेपी कमोडिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा कि सोने की कीमतों में तेजी की वजह अमेरिकी फेड की ओर से ब्याज दरों में कटौती की अधिक संभावना होना है।
त्रिवेदी ने आगे कहा कि सोने के दाम आने वाले सत्रों में 1.07 लाख रुपए से लेकर 1.12 लाख रुपए के बीच जा सकता है।
उल्लेखीनय है कि इस साल जनवरी से अब तक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 76,162 रुपए से बढ़कर 1,09,707 रुपए पर पहुंच गया है जबकि चांदी के भाव भी 86,017 रुपए प्रति किलो से बढ़कर 1,28,008 रुपए हो गया है।


