नई दिल्ली । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय अपनी प्रमुख पहल ‘फिट इंडिया’ के तहत “आयरन व्हील्स ऑफ यूनिटी” शीर्षक से दो राष्ट्रीय साइक्लिंग अभियानों का आयोजन 31 अक्टूबर से करेंगे। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है।
ये अभियान देश की एकता, फिटनेस और लचीलेपन की भावना का प्रतीक होंगे, जो पूरे भारत के कोने-कोने से होकर गुजरेंगे।
कश्मीर से कन्याकुमारी (K2K) साइक्लिंग अभियान कुल 4,480 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। यह यात्रा 31 अक्टूबर को श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) से शुरू होकर पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक से गुजरते हुए 16 नवम्बर 2025 को कन्याकुमारी (तमिलनाडु) में समाप्त होगी। इस पहल में कुल 150 साइकिल सवार हिस्सा लेंगे — सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर यह एक उचित श्रद्धांजलि होगी।
इस अभियान का नेतृत्व पर्वतारोही निशा कुमारी करेंगी, जिन्होंने 17 मई 2023 को माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल की थी और “क्लाइमेट चेंज से पहले बदलाव” का संदेश देने के लिए भारत से लंदन तक साइक्लिंग यात्रा की थी।
दूसरा अभियान, ‘पैडल टू प्लांट’, 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगा। यह अरुणाचल प्रदेश के पांगसाउ से शुरू होकर असम, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से गुजरते हुए 31 दिसंबर 2025 को गुजरात के मुंद्रा में समाप्त होगा।
यात्रा के दौरान साइकिल सवार 1 लाख पौधे लगाएंगे और देशभर के स्कूलों व कॉलेजों में जलवायु परिवर्तन व फिटनेस जागरूकता सत्र आयोजित करेंगे।


