कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हसदेव नदी के किनारे हाथी का एक बच्चा मृत पाया गया है।
वन अधिकारियों ने रविवार को बताया कि लगभग एक सप्ताह का यह हाथी का बच्चा शनिवार को कटघोरा डिवीजन के केन्दई वन रेंज के अंतर्गत कोरबी गाँव में, हसदेव नदी के किनारे झाड़ियों में पाया गया। वन अधिकारी जब इलाके में गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें यह मिला।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह बच्चा कुछ दिन पहले मरा था। ऐसा लगता है कि वह नदी में डूब गया और उसका शव हसदेव नदी की धारा के साथ बहकर आया। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा।
जिले के पसान वन रेंज के पनगंवा इलाके में 54 हाथियों का झुंड घूम रहा है, जिसमें कई बच्चे भी हैं। मृत पाया गया बच्चा शायद उसी झुंड का है।
उल्लेखनीय है कि देश में हाथियों की जनसँख्या लगभग 30000 है।
