नई दिल्ली । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में स्टार जेवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल के पद का प्रतीक चिन्ह औपचारिक रूप से प्रदान किया।
इस अवसर पर सिंह ने कहा, “लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव के सर्वोच्च आदर्शों के प्रतीक हैं। वे खेल जगत और सशस्त्र बलों—दोनों के लिए आने वाली पीढ़ियों के प्रेरणास्रोत हैं।”
राष्ट्र के प्रति उनके उत्कृष्ट योगदान और अनुकरणीय सेवाओं की मान्यता में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 16 अप्रैल को लेफ्टिनेंट कर्नल (मानद) नीरज चोपड़ा को प्रादेशिक सेना में मानद कमीशन प्रदान किया था।
चोपड़ा ने 2020 टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए एथलेटिक्स में पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। उन्होंने 2024 पेरिस ओलंपिक में रजत पदक, 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक तथा एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और डायमंड लीग में कई स्वर्ण पदक जीते हैं। उनका 90.23 मीटर (2025) का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भारतीय खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


