बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए है। वहीं एक अन्य मुठभेड़ के बाद एक घायल नक्सली को गिरफ्तार किया है।
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि इंद्रावती राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सुबह करीब 10 बजे उस समय मुठभेड़ शुरू हुई जब सुरक्षाकर्मियों की एक संयुक्त टीम क्षेत्र में वरिष्ठ माओवादी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी की सूचना के आधार पर नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी।
इस अभियान में बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों के पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के जवान शामिल थे।
कई घंटों तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। मुठभेड़ स्थल की तलाशी के दौरान छह माओवादियों के शव मिले, जिनके पास एक इंसास राइफल, स्टेन गन, एक .303 राइफल और विस्फोटक सहित स्वचालित हथियार थे।
उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी करने और भाग रहे माओवादियों को पकड़ने के लिए डीआरजी, एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) की अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं।
अभियान अभी भी जारी है।
वहीं एक अन्य नक्सल विरोधी अभियान के तहत, जिले के तारलागुड़ क्षेत्र में अन्नाराम के जंगलों में भी माओवादियों एवं सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ हुई।
सर्च अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल से एक घायल माओवादी को हिरासत में लिया गया है। घायल माओवादी का उपचार एवं पूछताछ जारी है। क्षेत्र में सुरक्षा बलों के द्वारा सर्चिंग अभियान निरंतर जारी है।
