रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने रविवार को शराबा घोटाला मामले में तीन राज्यों में रेड मारी है।
एसीबी/ईओडब्ल्यू ने अपने आधिकारिक बयान में बताया है कि इस घोटाले से जुड़े व्यवसायी अवधेश यादव एवं उससे संबंधित व्यक्तियों के तीन राज्यों के सात स्थानों क्रमशः छत्तीसगढ़ में तीन, झारखंड में दो, और बिहार में दो स्थानो पर तलाशी कार्यवाही की गई।
इस दौरान, इस घोटाले से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज, मोबाईल फोन, इलेक्ट्रानिक उपकरण, संपत्ति संबंधी दस्तावेज एवं नगद रकम जप्त किये गये है, जप्त किये गये सामग्री का विश्लेषण किया जा रहा है। संदेहियों/आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। प्रकरण मे अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।
एसीबी/ईओडब्ल्यू ने पिछले साल 17 जनवरी को इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी और इसमें कांग्रेस के पूर्व आबकारी मंत्री कावासी लखमा और पूर्व मुख्य सचिव विवेक ढांढ सहित 70 लोगों और कंपनियों के नाम शामिल थे।
ईओडब्ल्यू/एसीबी ने इस मामले में अब तक एक आरोप-पत्र और चार अतिरिक्त आरोप-पत्र दाखिल किए हैं और एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) के अनुसार, यह घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ था जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी। ईडी इस घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग पहलू की जांच कर रही है।


