नई दिल्ली । भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने शुक्रवार को MyGov प्लेटफ़ॉर्म पर देशव्यापी शुभंकर डिज़ाइन प्रतियोगिता की घोषणा की है। इस प्रतियोगिता में आधार का आधिकारिक शुभंकर तैयार करने वाले विजेताओं को कुल ₹1 लाख के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिता में आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं — प्रथम पुरस्कार ₹50,000, द्वितीय ₹30,000 और तृतीय ₹20,000 का होगा। इसके साथ ही विजेताओं को प्रशंसा प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
यह प्रतियोगिता 31 अक्तूबर 2025 तक खुली रहेगी। इसका उद्देश्य ऐसा अनोखा और यादगार शुभंकर तैयार करना है, जो आधार के मूल मूल्यों — विश्वास, समावेशन, सशक्तिकरण और डिजिटल नवाचार — को दर्शाए।
इसके अतिरिक्त, शुभंकर के नाम के लिए चुनी गई सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। यूआईडीएआई ने नागरिकों से रचनात्मकता दिखाने और आधार की समावेशन एवं सशक्तिकरण की यात्रा में योगदान देने का आह्वान किया है।
विस्तृत दिशा-निर्देशों और भागीदारी के लिए देखें: https://innovateindia.mygov.in/uidai-mascot-competition/


