नई दिल्ली | सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय ने शुक्रवार को अमेज़न सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए, ताकि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत कारीगरों को ऑनलाइन बाज़ारों तक पहुंच मिल सके, उनके उत्पादों की दृश्यता बढ़े और ग्राहक आधार का विस्तार हो सके।
इस एमओयू के तहत, अमेज़न पारंपरिक उत्पाद-आधारित व्यवसायों में लगे कारीगरों—जैसे बढ़ईगीरी, कुम्हारी, धातुकारी, सुनारकारी, मूर्तिकला, सिलाई, ताला-चाबी बनाना, टोकरी, चटाई और नारियल-रेशा उत्पाद बनाना, गुड़िया-खिलौने बनाना, फूलमाला बनाना और मोची कार्य—का सहयोग करने के लिए एमएसएमई मंत्रालय के साथ काम करेगा।
अमेज़न योग्य विश्वकर्मा कारीगरों को अपने ऑनलाइन मार्केटप्लेस पर ऑनबोर्ड करने में सुविधा प्रदान करेगा।
मंत्रालय मौजूदा नियमों के अनुसार आवश्यक स्वीकृतियां, पंजीकरण और मंजूरियां संबंधित विभागों से प्राप्त कराने में सहायता करेगा।
यह साझेदारी अमेज़न की ‘क़रीगर’ पहल के माध्यम से हाथ से बने उत्पादों की दृश्यता को भी बढ़ाएगी, जो भारत की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को प्रदर्शित करती है और कारीगरों के डिजिटलीकरण को बढ़ावा देती है।


