नई दिल्ली | संचार और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री डॉ. पेम्मसानी चंद्रशेखर ने शुक्रवार को पूरे डाक नेटवर्क में राजस्व हानि को रोकने के लिए बहु-आयामी, प्रौद्योगिकी-संचालित, मजबूत और प्रोत्साहन आधारित ढांचा अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने डाक विभाग (DoP) में राजस्व हानि से निपटने के लिए एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में परिचालन नियंत्रण को मजबूत करने, डिजिटल सुरक्षा प्रणालियों का आधुनिकीकरण करने और प्रेरित कार्यबल तैयार करने पर जोर दिया गया, ताकि हर एक रुपये का सही हिसाब रखा जा सके।
उन्होंने प्रतिदिन 10,000, 5,000 और 1,000 से अधिक लेन-देन करने वाले प्रमुख डाकघरों का फील्ड ऑडिट करने का सुझाव दिया तथा मैनुअल त्रुटियों और कम बिलिंग को रोकने के लिए वेटिंग मशीनों को पोस्टल आईटी सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए।
सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मंत्री ने डायनेमिक बारकोडिंग लागू करने तथा अनियमित लेन-देन की निगरानी और डिलीवरी चेन में बिना अनुमति वस्तुओं व पार्सलों के प्रवेश को रोकने के लिए प्रीपेड बुकिंग अलर्ट जारी करने के निर्देश दिए।
शेखर ने पोस्टल सेविंग्स बैंक की डिजिटल और वित्तीय सुरक्षा ढांचे की भी समीक्षा की और अधिकारियों के लिए बायोमेट्रिक तथा ओटीपी आधारित प्रमाणीकरण के जरिए और मजबूत सुरक्षा नियम लागू करने पर जोर दिया।


