नई दिल्ली । आचार संहिता के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए बिहार में 3 नवंबर तक उड़न दस्तों ने 108.19 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध प्रलोभन सामग्रियां जब्त की हैं।
जब्त की गई वस्तुओं में 9.62 करोड़ रुपये नकद, 42.14 करोड़ रुपये मूल्य की शराब (9.6 लाख लीटर), 24.61 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ, 5.8 करोड़ रुपये मूल्य की कीमती धातुएं और 26 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अन्य उपहार शामिल हैं।
आदर्श आचार संहिता (MCC) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बिहार में 824 उड़न दस्ते तैनात किए गए हैं, जिन्हें निर्देश दिया गया है कि C-VIGIL ऐप पर दर्ज शिकायतों का निपटारा 100 मिनट के भीतर किया जाए।
बिहार में विधानसभा के चुनाव दो चरणों में होंगे — पहले चरण में 121 सीटों पर मतदान 6 नवंबर को और दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान 11 नवंबर को होगा। सभी 243 निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गणना 14 नवंबर को की जाएगी।


