रायगढ़। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के एक अधिकारी को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
एसीबी के एएसपी चंद्रेश ठाकुर ने बताया कि आरोपी की पहचान विजय दुबे के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
वह जिले के रायकेरा-घरघोड़ा स्थित एनटीपीसी कार्यालय में उप महाप्रबंधक के पद पर तैनात थे।
दुबे ने शिकायतकर्ता से तिलाईपाली गाँव में उसके घर और ज़मीन को बिजली उत्पादन कंपनी द्वारा अधिग्रहित करने के बाद शेष 16 लाख रुपये की मुआवज़ा राशि जारी करने के लिए 5 लाख रुपये मांगे थे।
दुबे पहले ही शिकायतकर्ता से 50,000 रुपये ले लिया था।
शिकायत मिलने पर, एसीबी के अधिकारियों ने जाल बिछाया और दुबे को एक पेट्रोल पंप के पास रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।


